धनबाद क्रिकेट संघ रोल मॉडल के रूप में उभरा : अजयनाथ शाहदेव
धनबाद। झारखंड में धनबाद क्रिकेट संघ (डीसीए) विपरीत परिस्थितियों में भी बेहतर काम करने वाले जिला क्रिकेट संघ के रूप में उभरा है। यह दूसरे जिला संघों के लिए उदाहरण है कि सीमित परिस्थितियों के बावजूद व्यवस्थित तरीके से क्रिकेट को आगे बढ़ाया जा सकता है। यह बातें झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव ने रविवार को धनबाद के वेडिंग बेल्स में आयोजित डीसीए के वार्षिक समारोह में कहीं।
कार्यक्रम में जेएससीए के सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम, पूर्व अध्यक्ष डॉ. नफीस अख्तर और कार्यकारिणी सदस्य परवेज खान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। समारोह में सत्र 2025-26 के विभिन्न टूर्नामेंटों की विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुने गए कोनैन कुरैशी, अनंदिता किशोर, सिद्धार्थ सिन्हा और वृष्टि कुमारी को भी सम्मानित किया गया।
खिलाड़ियों को सुविधाएं देने पर जोर
अजयनाथ शाहदेव ने कहा कि धनबाद राज्य का एकमात्र ऐसा जिला संघ है, जो सोसाइटी एक्ट के तहत निबंधित है। उन्होंने डीसीए के संचालन की व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद संघ खिलाड़ियों के हित में लगातार काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि धनबाद में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की जरूरत है। जेएससीए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।
धनबाद के क्रिकेटरों में काफी संभावनाएं : सौरभ तिवारी
जेएससीए सचिव सौरभ तिवारी ने कहा कि राज्य में बहुत कम ऐसे जिले हैं जहां धनबाद की तरह बड़ी संख्या में स्थानीय क्रिकेट मैच आयोजित होते हैं। उन्होंने धनबाद के क्रिकेटरों में प्रतिभा और संभावनाओं की बात कही।
तिवारी ने धनबाद के क्रिकेटर कोनैन कुरैशी के प्रदर्शन की सराहना की, जिन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में शतक लगाया था। उन्होंने कहा कि यह उनके करियर की शुरुआत है और भविष्य में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
शाहबाज नदीम ने की डीसीए के क्रिकेट ढांचे की सराहना
जेएससीए के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने कहा कि उनकी क्रिकेट यात्रा की शुरुआत धनबाद से ही हुई। उन्होंने स्कूल स्तर से क्लब क्रिकेट तक यहां आयोजित होने वाले टूर्नामेंटों के ढांचे को मजबूत बताया।
नदीम ने कहा कि धनबाद में टर्फ विकेट वाले मैदानों की संख्या भी डीसीए की उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस मॉडल को दूसरे जिलों में भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। जेएससीए की ओर से भी ग्राउंड सुविधाओं को विकसित करने में डीसीए को सहयोग दिया जाता रहा है।
विजेता टीमों और खिलाड़ियों का सम्मान
डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वार्षिक समारोह में बड़ी संख्या में जेएससीए पदाधिकारियों की मौजूदगी संघ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने डीसीए की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि जेएससीए के तीन टूर्नामेंटों में धनबाद की टीम चैंपियन रही है।
उन्होंने कहा कि डीसीए से जुड़े कोनैन कुरैशी और अनंदिता किशोर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं। डीसीए के संचालन में सहयोग के लिए उन्होंने जेएससीए का आभार जताया।
समारोह को जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष डॉ. नफीस अख्तर और बोकारो जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष पीएन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विजेता-उपविजेता टीमों, चयन समिति के सदस्यों, जेएससीए टूर्नामेंट में चैंपियन बनी टीम के खिलाड़ियों और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाले राइजिंग चैरिटेबल ट्रस्ट सहित अन्य को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डीसीए महासचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष रविजीत सिंह डांग सहित संजीव राणा, रत्नेश कुमार सिंह, सुनील कुमार, सुधीर पांडेय और अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
