धनबाद सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, चप्पे-चप्पे की तलाशी शुरू

Dhanbad : अज्ञात शरारती तत्वों ने बुधवार को धनबाद सिविल कोर्ट को धमकी भरा ईमेल भेजा है। ईमेल में यह दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में बम लगाया गया है और इसे उड़ाया जा सकता है। धमकी मिलने के बाद कोर्ट में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
ईमेल धमकी से मचा हड़कंप
सूत्रों के अनुसार, बुधवार को कोर्ट प्रशासन को एक अज्ञात मेल प्राप्त हुआ। मेल में साफ लिखा था कि कोर्ट परिसर के भीतर बम है। जैसे ही यह सूचना जिला जज और पुलिस प्रशासन तक पहुंची, तत्काल एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया गया। वकीलों, मुवक्किलों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सुरक्षा बलों ने किया सर्च ऑपरेशन शुरू
धमकी के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। फिलहाल कोर्ट के सभी प्रवेश द्वार सील कर दिए गए हैं। पुलिस की टीमें चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही हैं। तलाशी में हाजत, कोर्ट रूम और वकीलों के चैंबर शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि वे पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं।
रांची की घटना भी है संदर्भ
यह पहली बार नहीं है जब कोर्ट को धमकी मिली हो। कुछ दिन पहले रांची सिविल कोर्ट को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इन दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह है या यह किसी की सोची-समझी साजिश है।
