Home

रांची में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, MLA-मेयर ने दो योजनाओं का किया शिलान्यास

Ranchi : रांची शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने नई पहल की है। गुरुवार को रांची नगर निगम की ओर से शहर के दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों की शुरुआत की गई। महापौर रोशनी खलखो ने कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा की मौजूदगी में इन योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। इन योजनाओं के शुरू होने से स्थानीय लोगों को सड़क और आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है। पहली योजना वार्ड संख्या 07 के तहत गाड़ीगांव इलाके की है। यहां देवी स्थान से संतोष सिंह के घर होते हुए विपुल के घर तक PCC पथ का निर्माण कराया जाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी। सड़क बनने के बाद इलाके के लोगों को आवाजाही में काफी राहत मिलेगी।

वार्ड 8 में RCC सड़क और पुलिया निर्माण

दूसरी योजना वार्ड संख्या 08 के महावीर नगर इलाके से जुड़ी है। यहां बिशु गोप के घर से दिना महतो के घर तक RCC सड़क और पुलिया निर्माण का काम शुरू किया गया है। इस निर्माण कार्य से खासकर बारिश के मौसम में होने वाली परेशानी कम होने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों को जलजमाव और खराब रास्तों से राहत मिल सकती है। कार्यक्रम के दौरान महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि नगर निगम का फोकस शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर है। सड़क, नाली और पुलिया जैसे जरूरी कामों को प्राथमिकता दी जा रही है ताकि लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके। शिलान्यास कार्यक्रम में कांके विधायक सुरेश कुमार बैठा, वार्ड 07 की पार्षद मीनू देवी, वार्ड 08 की पार्षद किरण खलखो, सुभाष अग्रवाल समेत कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *