हजारीबाग

उपायुक्त ने किया विभिन्न योजनाओं का निरीक्षण

हजारीबाग, 8 नवंबर । उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने शनिवार को अपने क्षेत्र भ्रमण कार्यक्रम के तहत बरही प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया और विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का निरीक्षण किया।

उपायुक्त ने उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, करीयातपुर और राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, कोरियाडीह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने बच्चों की उपस्थिति की जांच की। उपायुक्त ने इस दौरान 12वीं कक्षा में पहुंचे और अध्ययनरत बच्चों को इतिहास विषय से संबंधित प्रश्न पूछे और उन्हें मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने और सत्र के अंत तक सिलेबस पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इसके बाद उपायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्र, पंचमाधव का निरीक्षण किया और बच्चों से बातचीत कर पोषण आहार, उपस्थिति एवं साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी ली।

उन्होंने केंद्र के संचालक को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और बच्चों की पोषण स्थिति पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। दौरे के क्रम में उपायुक्त ने बिरहोर टोला,बरियत का भी भ्रमण किया और वहां रह रहे बिरहोर समुदाय के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने उनके आवासीय परिसर, स्वास्थ्य सुविधा और बिजली व्यवस्था काे देखा। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि बिरहोर समुदाय के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष कैंप, आवासों की मरम्मती और बिजली कनेक्शन की मरम्मत जल्‍द सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *