एचईसी कर्मियों की बैठक में संसदीय समिति की रिपोर्ट लागू करने की मांग
रांची, 24 अगस्त । हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) के नेहरू पार्क में सोमवार को एचईसी कर्मचारियों की बैठक सभा हुई।
बैठक में एचईसी कर्मियों के भविष्य से जुड़े कई गंभीर और लंबित मुद्दों पर ठोस रणनीति तैयार की गई। यूनियन के अध्यक्ष शनि सिंह ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि संसदीय समिति अपनी रिपोर्ट जो भी दे, भारत सरकार उसे बिना किसी विलंब के धरातल पर लागू करे।
कर्मचारियों के हितों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि एचईसी कर्मियों के बकाया वेतन भुगतान, वर्ष 2018 बैच के कर्मियों की रुकी हुई प्रोन्नति, पारस अस्पताल में मुफ्त चिकित्सा सुविधा की बहाली, एचईसी परिसर के विद्यालयों में 12 वीं कक्षा तक के बच्चों की पूरी फीस माफी और नियमानुसार आवास आवंटन जैसे गंभीर विषयों पर प्रबंधन को ठोस रूप से ध्यान देने की जरूरत है।
सभा को संबोधित करते हुए एचईसी श्रमिक संघ यूनियन के सचिव उमा शंकर सिंह ने संसदीय समिति की बैठक का विवरण साझा किया।
उन्होंने कर्मचारियों को समिति के समक्ष उठाए गए सभी प्रमुख बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक की अध्यक्षता शशि गुलशन टोप्पो ने की, जबकि मंच संचालन राकेश कुमार नेे किया।
बैठक में मुख्य रूप से शेखर लाल, सुनील कुमार, पीआर पाण्डेय, अनुज कुमार, योगेन्द्र कुमार सिंह, लगुरी कुमार, संतोष कुमार, बैद्यनाथ पासवान और विनोद पासवान सहित भारी संख्या में एचईसी कर्मी मौजूद थे।
