देवघर में जदयू का संगठन विस्तार पर मंथन, दुर्गापूजा बाद होगा कार्यकर्ता सम्मेलन
देवघर, 31 जुलाई। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के देवघर आगमन पर जनता दल (यूनाइटेड) के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बांका में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के क्रम में देवघर स्थित परिषदन पहुंचे मंत्री का जदयू जिलाध्यक्ष सतीश दास के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-माला और बुके भेंट कर अभिनंदन किया।
इस दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने झारखंड में जदयू के संगठनात्मक विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि दुर्गापूजा के बाद देवघर में जदयू का भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष सतीश दास सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
