स्कूल पहुंचकर DC ने परखी पढ़ाई की हकीकत : बच्चों से की बातचीत, शिक्षकों को दिये निर्देश

Bokaro : आज बोकारो DC अजय नाथ झा ने चास वन स्थित प्राथमिक विद्यालय स्पेशल हरिजन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल में चल रही पढ़ाई, कक्षाओं की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया। DC ने शिक्षकों से सीधे बात की और निर्देश दिए कि बच्चों को सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि सुरक्षित और अनुकूल वातावरण भी मिले। बच्चों की शिक्षा और उनके विकास पर पूरा ध्यान दिया जाए।
बच्चों से सीधे बातचीत की
निरीक्षण के दौरान अजय नाथ झा ने बच्चों से सीधे बातचीत की। उन्होंने पूछा कि “विद्यालय में किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं है? और टीचर नियमित आती हैं?”। बच्चों ने सहजता और सरलता से जवाब दिया, क्रमवार ‘हां’ और ‘नहीं’ कहकर अपनी सहमति जताई। बातचीत के दौरान बच्चों ने अपनी समस्याओं और जरूरतों के बारे में भी साझा किया।
बच्चों को पढ़ाई और भविष्य के लिए किया प्रेरित
DC ने बच्चों से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, नियमित रूप से स्कूल आएं और अपने भविष्य के प्रति सजग रहें। उन्होंने शिक्षकों को भी निर्देश दिया कि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर खास ध्यान दें और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान करें।
मतदान का संदेश
DC ने यह भी याद दिलाया कि नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 23 फरवरी को होने वाला है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि सुबह-सुबह मतदान करें, भीड़-भाड़ से बचें और अपने वोट का इस्तेमाल अपने शहर की ताकत बढ़ाने के लिए करें। “आपका वोट, आपके शहर की ताकत – सशक्त नगर, स्वच्छ प्रशासन” का संदेश देते हुए उन्होंने सभी से जिम्मेदारी के साथ मतदान करने की बात कही।
