Home

DC ने संघर्षशील बालिकाओं को दी शुभकामनाएं, कहा – बेटियों ने किया जिले का नाम रोशन

Simdega : विश्व बालिका दिवस के मौके पर DC कंचन सिंह और जिला प्रशासन ने जिले की सभी संघर्षशील बेटियों को शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। प्रशासन ने उन बालिकाओं की सराहना की है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।

इन बेटियों में एक खास नाम है विनीता होरो का, जो भारतीय अंडर-17 फुटबॉल टीम की सदस्य हैं और लोवसुकरा गांव की रहने वाली हैं। फिलहाल विनीता किर्गिस्तान में एशिया कप क्वालीफायर के लिए चल रहे मैचों में हिस्सा ले रही हैं। वह गुमला के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में फुटबॉल की ट्रेनिंग ले रही हैं।

वहीं, सिमडेगा जिले की बेटियों ने हॉकी के क्षेत्र में राज्य और देश को गौरव दिलाया है। सिमडेगा को आज हॉकी की नर्सरी के रूप में जाना जाता है। यहां की सलीमा टेटे भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रह चुकी हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिमडेगा का नाम रोशन किया है।

सिमडेगा की कई अन्य बेटियों जैसे ब्यूटी डुंगडुंग, संगीता कुमारी, रजनी टोप्पो, सुषमा कुमारी, सुमराय टेटे, अंसुता लकड़ा, अलका डुंगडुंग, कांति बाः, एडलिन केरकेट्टा, मसीरा सुरीन, प्रीति किड़ो, अनिता शोषण बेक, मरीता तिर्की और कई अन्य ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।इन सभी बेटियों के संघर्ष और सफलता ने सिमडेगा को खेल की दुनिया में अलग पहचान दिलाई है। जिला प्रशासन ने उनके योगदान को सराहा और बालिका दिवस पर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *