Home

डीसी और एसपी ने की मंडल कारा की सुरक्षा को लेकर की उच्च स्तरीय बैठक, दिए कई निर्देश

पश्चिमी सिंहभूम, 18 जुलाई । पश्चिमी सिंहभूम समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में शनिवार को मंडल कारा, चाईबासा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने की। इसमें जेल अधीक्षक सहित मंडल कारा के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कारा की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत आकलन किया गया। अधिकारियों ने जेल परिसर में प्रवेश व्यवस्था, आगंतुकों के सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, प्रतिबंधित वस्तुओं की रोकथाम तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिया कि बंदियों से मिलने आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान का पूरी तरह सत्यापन किया जाए और आवश्यक जांच पूरी होने के बाद ही मुलाकात की अनुमति दी जाए। इसी प्रकार बंदियों के लिए लाए जाने वाले सामान की भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप गहन जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध या प्रतिबंधित सामग्री कारा परिसर में प्रवेश न कर सके।

बैठक में जेल परिसर में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों को हर समय सुचारु रूप से संचालित रखने, उनकी नियमित निगरानी करने तथा सुरक्षा उपकरणों और तैनात सुरक्षा कर्मियों की सतत सक्रियता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी संसाधनों के साथ-साथ मानवीय सतर्कता भी कारा सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उपायुक्त मनीष कुमार और एसपी अमित रेणु ने कहा कि मंडल कारा की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी संभावित सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए। बैठक में कारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *