विश्व चैम्पियन ऋचा घोष के नाम पर होगा दार्जिलिंग क्रिकेट स्टेडियम : ममता बनर्जी
कोलकाता, 11 नवम्बर: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को घोषणा की कि दार्जिलिंग में बनने वाले नए क्रिकेट स्टेडियम का नाम भारत की विश्व विजेता क्रिकेटर ऋचा घोष के नाम पर रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय राज्य सरकार द्वारा उस बेटी को सम्मान देने के रूप में लिया गया है, जिसने भारत को 2025 महिला क्रिकेट विश्व कप में ऐतिहासिक जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
22 वर्षीय सिलीगुड़ी की ऋचा घोष ने टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को खिताबी जीत दिलाई थी। उनके प्रदर्शन की सराहना पूरे देश में की जा रही है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “ऋचा घोष ने न केवल बंगाल का, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उनके सम्मान में दार्जिलिंग के इस नये स्टेडियम का नामकरण किया जाएगा।”
राज्य सरकार जल्द ही स्टेडियम निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने जा रही है, जो उत्तर बंगाल में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देगा।
