गिरिडीह में साइबर ठगी गिरोह का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
जंगल में बना रहे थे ठगी की योजना, पुलिस ने 10 मोबाइल, 13 सिम, लैपटॉप और चार बाइक की बरामद
गिरिडीह। गिरिडीह साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर ताराटांड़ थाना क्षेत्र के एक मिडिल स्कूल के समीप जंगल में छापेमारी कर पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपितों के पास से चार मोटरसाइकिल, 10 मोबाइल फोन, 13 सिम कार्ड और एक लैपटॉप बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. विमल कुमार ने डीएसपी रूपेंद्र राणा और साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के साथ आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ युवक जंगल में साइबर ठगी की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने छापेमारी कर पांचों आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जनार्दन मंडल, अशोक मंडल, बबलू कुमार मंडल, अशोक कुमार और विष्णु कुमार के रूप में हुई है। सभी ताराटांड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।
फर्जी लिंक भेजकर बनाते थे शिकार
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह फर्जी लिंक भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। लिंक पर क्लिक कराने के बाद बैंक खाते, ओटीपी और डिजिटल भुगतान से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था। बरामद मोबाइल, सिम कार्ड और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच कर पीड़ितों और ठगी के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
दो आरोपी पहले भी जा चुके हैं जेल
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अशोक मंडल और बबलू कुमार मंडल पहले भी साइबर अपराध के दो अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं। जेल से रिहा होने के बाद दोनों ने फिर से साइबर ठगी का नेटवर्क सक्रिय कर लिया था। प्रारंभिक जांच के अनुसार यही दोनों गिरोह का संचालन कर रहे थे और अन्य सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते थे।
पुलिस अब आरोपितों के बैंक खातों, मोबाइल डेटा, डिजिटल लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह का नेटवर्क झारखंड के अलावा अन्य राज्यों तक फैला हुआ था या नहीं। अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
