रांची

कानून के शिकंजे में अपराधी : 2025 में रांची पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 399 अपराधी गिरफ्तार

अपराध
रांची। साल 2025 रांची पुलिस के लिए अपराध नियंत्रण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहा। पूरे वर्ष पुलिस ने सुनियोजित और लगातार अभियान चलाकर संगठित अपराध, नशा तस्करी, नक्सल गतिविधियों और अवैध उत्खनन पर कड़ा प्रहार किया। इन अभियानों के तहत कुल 399 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि अपराध के खिलाफ पुलिस की सख्ती आगे भी जारी रहेगी और आने वाले वर्ष में अभियान को और तेज किया जाएगा।

नशा तस्करी पर करारा वार

नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। एनडीपीएस एक्ट के तहत 87 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 46 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। इस दौरान 156 तस्करों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने ब्राउन शुगर, गांजा, अफीम, डोडा, प्रतिबंधित कफ सिरप और कैप्सूल बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 14.84 करोड़ रुपये आंकी गई है।
इसके साथ ही अवैध अफीम की खेती पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2582.67 एकड़ में लगी फसल को नष्ट किया गया। इस मामले में 93 केस दर्ज हुए और 25 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।

संगठित अपराध और हथियारों की बरामदगी

संगठित अपराध से जुड़े 29 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 44 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने पिस्टल, देशी हथियार, जिंदा कारतूस, मैगजीन, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए।
आर्म्स एक्ट के तहत 72 मामले दर्ज हुए, जिनमें 86 लोगों की गिरफ्तारी की गई। कुल 106 हथियार और 362 जिंदा गोलियां जब्त की गईं।

चोरी और छिनतई के मामलों पर कार्रवाई

वर्ष 2025 में दोपहिया वाहन चोरी के 1286 और चारपहिया वाहन चोरी के 47 मामले सामने आए। इसके अलावा छिनतई, गृहभेदन और अन्य चोरी के 1000 से अधिक मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने बड़ी मात्रा में चोरी के वाहन, मोबाइल फोन, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए।

नक्सल और अवैध उत्खनन पर सख्ती

नक्सल गतिविधियों से जुड़े 29 मामलों में 17 नक्सलियों की गिरफ्तारी हुई। हालांकि वर्ष भर किसी मुठभेड़ या आत्मसमर्पण की घटना नहीं हुई।
वहीं अवैध बालू, कोयला, पत्थर और लकड़ी के मामलों में बड़ी संख्या में ट्रक, हाईवा, ट्रैक्टर और जेसीबी जब्त किए गए तथा भारी मात्रा में अवैध खनिज बरामद किए गए।

अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई

सीसीए, PIT-NDPS, जिला बदर, थाना हाजिरी और निगरानी जैसे कानूनों के तहत भी कई अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि रांची में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *