Home

मैक्लुस्कीगंज में धराये अपराधियों ने उगले राज, बिहार से हथियार लाकर रांची में खपाने वाले तीन गिरफ्तार

Ranchi : रांची पुलिस ने अवैध हथियार के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि मांडर का विशाल सिंह इस गिरोह की अहम कड़ी था, जिसके घर से हथियारों का स्टॉक मिलता था। वहीं, चान्हों का अभिषेक शर्मा बिहार से हथियार लाकर सप्लाई करता था और करण गोप इस धंधे में उसका साथी था।

स्कॉर्पियो से खुला पूरा नेटवर्क

रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि मामले का खुलासा तब हुआ जब 13 अप्रैल की रात मैक्लुस्कीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो को रोका। तलाशी में दो युवकों के पास से पिस्टल और कारतूस मिले। पूछताछ में दोनों ने बताया कि हथियार उन्हें विशाल सिंह देता है। इसके बाद पुलिस ने करगे गांव में छापेमारी कर विशाल को दबोच लिया।

घर में छिपाकर रखता था हथियार

पुलिस जांच में पता चला कि विशाल सिंह अपने घर को ही हथियार रखने और सप्लाई करने का अड्डा बना चुका था। गांव के बीच रहकर वह इस काम को अंजाम दे रहा था, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।

बिहार से जुड़ा था नेटवर्क

पूछताछ में विशाल ने बताया कि उसे हथियार अभिषेक शर्मा सप्लाई करता है। पुलिस के अनुसार, अभिषेक बिहार से अवैध हथियार लाकर यहां बेचता था। उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है, जिससे साफ है कि वह पहले से इस धंधे में सक्रिय था।

जंगल में सौदा

पुलिस को अभिषेक और उसके साथी करण गोप की तलाश थी। सूचना के आधार पर मांडर के हातमा जंगल में छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी में दोनों के पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन देशी पिस्टल, दस जिंदा गोली, चार मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, शुरुआत में यह गिरोह छोटे स्तर पर हथियार की खरीद-बिक्री करता था। धीरे-धीरे नेटवर्क बढ़ता गया और अलग-अलग इलाकों तक फैल गया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई और नाम सामने आए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *