Home

चतरा में नशे के सौदागर पर शिकंजा, ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

Chatra : चतरा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पत्थलगड़ा थाना क्षेत्र के नावाडीह भेलवारा मोड़ के पास छापेमारी कर पुलिस ने लगभग 10 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया युवक लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय बताया जा रहा है। एसपी अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि भेलवारा मोड़ के पास एक युवक नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री करने पहुंचा है। सूचना के बाद सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ने के लिए अभियान चलाया।

पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के केंदुआ गांव निवासी 25 वर्षीय सुरेंद्र कुमार पासवान के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। साथ ही एक होंडा शाइन बाइक और ओप्पो कंपनी का स्मार्टफोन भी जब्त किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपित मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों और गिरोह के अन्य सदस्यों से संपर्क में रहता था। उसके खिलाफ गिद्धौर थाना में पहले से हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने पत्थलगड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसमें शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *