पूर्वी सिहंभूमि

जमशेदपुर में निकाय चुनाव का काउंटडाउन, मतदानकर्मी बूथों की ओर रवाना

चुनाव

Jamshedpur : जमशेदपुर में रविवार की सुबह गोलमुरी सह जुगसलाई प्रखंड कार्यालय का नजारा बिल्कुल अलग था। यह परिसर आज सिर्फ एक सरकारी दफ्तर नहीं, बल्कि लोकतंत्र के महापर्व की तैयारी का बड़ा केंद्र बना हुआ था। मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में सोमवार को होने वाले मतदान के लिए आज अंतिम तैयारियां पूरी की जा रही हैं। हर तरफ भागदौड़, आवाजाही और जिम्मेदारी का एहसास साफ दिख रहा था।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी खुद मोर्चे पर

जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी सुबह से ही डिस्पैच सेंटर पर डटे रहे। उन्होंने बैलेट बॉक्स और अन्य मतदान सामग्री का बारीकी से निरीक्षण किया। पोलिंग पार्टियों से बातचीत करते हुए उन्होंने साफ कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आयोग के नियमों का सख्ती से पालन करना है, लेकिन साथ ही कर्मियों का हौसला भी बनाए रखना है। उन्होंने मतदान कर्मियों को याद दिलाया कि वे सिर्फ कर्मचारी नहीं, बल्कि निष्पक्ष चुनाव के असली प्रहरी हैं।

टाटा मोटर्स की बसें और जिम्मेदारी का बोझ

मतदान कर्मियों को बूथ तक पहुंचाने के लिए Tata Motors के बड़े वाहनों का काफिला पहले ही पहुंच चुका था। सुबह सात बजे से ही कर्मचारी कतार में लगकर अपनी-अपनी सामग्री लेने में जुट गए थे। हाथ में नियुक्ति पत्र और कंधे पर जिम्मेदारी का भार— हर कर्मी अपने बूथ तक सुरक्षित पहुंचने को तैयार दिखा। हालांकि कुछ जगहों पर बसों के डिस्पैच में देरी की शिकायत भी सुनने को मिली। कई कर्मियों ने बताया कि सुबह से इंतजार कर रहे हैं, सामग्री मिल गई है लेकिन वाहन देर से मिल रहे हैं।

प्रशासन और ट्रांसपोर्ट के बीच तालमेल

डिस्पैच सेंटर पर वाहनों की आवाज, लाउडस्पीकर पर नामों की पुकार और इधर-उधर दौड़ते अधिकारी— माहौल काफी व्यस्त रहा। प्रशासन और ट्रांसपोर्ट सेल के बीच तालमेल बैठाने की कोशिश लगातार जारी रही। सुबह शुरू हुआ डिस्पैच का सिलसिला करीब 11 बजे तक चलता रहा। धीरे-धीरे बसें पोलिंग पार्टियों को लेकर मानगो और जुगसलाई के अलग-अलग बूथों की ओर निकलती रहीं।

कल का दिन लोकतंत्र के नाम

देरी और थकान के बावजूद मतदान कर्मियों का हौसला कम नहीं दिखा। गुलाबी और सफेद मतपत्रों से भरे बैलेट बॉक्स अब अपने-अपने बूथों की ओर रवाना हो चुके हैं। अब सबकी नजर सोमवार पर है। जब शहर सुबह उठेगा, तो लोकतंत्र का यह महापर्व शुरू होगा और मतदाताओं की किस्मत इन मतपेटियों में दर्ज होती जाएगी। प्रशासन का दावा है कि पूरी तैयारी के साथ निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *