जनता दरबार में उठे भ्रष्टाचार के मुद्दे, एक डीलर निलंबित, दूसरे को चेतावनी
पश्चिम सिंहभूम, 4 अगस्त – जिले के टोंटो प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुदामसादा में सोमवार को प्रखंड प्रशासन द्वारा राशन वितरण से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ललित कुमार भगत सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
जनता दरबार के दौरान टोंटो पंचायत के टेंसरा, बांदाबेड़ा, टोंटो, उद्लकम, टोपाबेड़ा, लिसीमोती और कुदामसादा गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राशन वितरण में गड़बड़ी और लाभुकों से मनमानी वसूली को लेकर गहरी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ डीलर महीनों से राशन का समुचित वितरण नहीं कर रहे हैं।
शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने मौके पर ही जांच कराई। जांच के बाद कुदामसादा की डीलर को चेतावनी देते हुए एक अंतिम अवसर दिया गया और निर्देश दिया गया कि वे तुरंत वंचित लाभुकों के बीच राशन का वितरण सुनिश्चित करें।
वहीं, लिसीमोती गांव की सैंया मसकल महिला समूह की डीलर के खिलाफ लाइसेंस में अनियमितता पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने राज्य के मंत्री दीपक बिरुवा के समक्ष राशन वितरण में धांधली की शिकायत की थी, जिस पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। उसी क्रम में यह जनता दरबार आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कुदामसादा के ग्रामीणों में मुंडा मारतोम लागुरी, झामुमो टोंटो पंचायत समिति के अध्यक्ष प्रकाश लागुरी, कोषाध्यक्ष दिनेश तुम्बलिया, राम लागुरी, प्रदीप लागुरी, और प्रखंड कार्यालय के मोहम्मद ग़ालिब सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
