खूंटी

संविधान हमारे अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार : उपायुक्त

खूंटी, 26 नवंबर । संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को खूंटी के समाहरणालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपायुक्त आर. रॉनिटा के नेतृत्व में सभी पदाधिकारियों और कर्मियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना सामूहिक रूप से पढ़ी। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक सिद्धांतों और राष्ट्र के प्रति निष्ठा बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

उपायुक्त आर. रॉनिटा ने अपने संबोधन में संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है, जो समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे मूल अधिकारों की गारंटी देता है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक और सरकारी अधिकारी के रूप में संविधान के आदर्शों को व्यवहार में उतारना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि हमारे दैनिक कार्यों, नीतिगत निर्णयों और सरकारी दायित्वों के केंद्र में संविधान के आदर्श होने चाहिए। एक जिम्मेदार अधिकारी तथा नागरिक होने के नाते संविधान के प्रति सम्मान और इसके सिद्धांतों का पालन करना हमारी मूल जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मियों से कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करने की अपील की।

संविधान दिवस पर जिले और प्रखंड स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में भी एक साथ संविधान प्रस्तावना का वाचन किया गया, जिससे सरकारी कर्मचारियों में संवैधानिक जागरूकता और उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत बनाया जा सके।

कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए आलोक शिकारी कच्छप, अपर समाहर्ता परमेश्वर मुंडा, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी डॉ. शिशिर कुमार सिंह, डीसीएलआर अरविंद कुमार, सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *