रांची

मताधिकार की रक्षा के लिए गांवों में चौपाल लगा रही कांग्रेस, केशव महतो कमलेश ने ग्रामीणों से की चर्चा

रांची: झारखंड में मतदाता सूची और मताधिकार को लेकर कांग्रेस ने गांवों में जनजागरूकता अभियान तेज किया है। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में लातेहार जिले के मनिका प्रखंड के पोखरी गांव में ग्राम चौपाल आयोजित की गई। वहीं, लातेहार प्रखंड के परसही पंचायत में ग्राम प्रधानों के साथ पेसा नियमावली को लेकर बैठक हुई।

पोखरी में ग्रामीणों को पढ़कर सुनाई गई मतदाता सूची

पोखरी गांव में आयोजित ग्राम चौपाल में संबंधित बूथ के बीएलओ और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। इस दौरान मतदाता सूची की ड्राफ्ट सूची पढ़कर सुनाई गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने ग्रामीणों से मतदाता सूची से संबंधित जानकारी ली और एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने तथा मताधिकार की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की।

कमलेश ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। कोई भी व्यक्ति अपने मतदान के संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए नागरिकों की जागरूकता और भागीदारी को जरूरी बताया।

पेसा नियमावली पर ग्राम प्रधानों के साथ बैठक

परसही पंचायत में ग्राम प्रधानों के साथ हुई बैठक में पेसा नियमावली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान केशव महतो कमलेश ने ग्राम प्रधानों के अधिकारों, उनकी समस्याओं और मांगों को सुना।

उन्होंने इन मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। बैठक में ग्राम स्वशासन को मजबूत बनाने और ग्राम प्रधानों के अधिकारों को प्रभावी तरीके से लागू करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

दिसंबर के पहले सप्ताह में झारखंड आ सकते हैं राहुल गांधी

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के दिसंबर माह के पहले सप्ताह में प्रस्तावित झारखंड दौरे की जानकारी दी।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सतीश पॉल मुंजनी, पंचायती राज संगठन के अध्यक्ष संतनु मिश्रा, जिला प्रभारी निरंजन पासवान, चतरा जिला प्रभारी केदार पासवान, लातेहार जिला कांग्रेस अध्यक्ष कामेश्वर यादव, चतरा जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रदेव गोप समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *