कांग्रेस नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह को उनकी जयंती पर दी श्रद्धांजलि, योगदान को याद किया

पश्चिमी सिंहभूम, 26 सितंबर । देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न डॉ. मनमोहन सिंह की जयंती के अवसर पर शनिवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस भवन, चाईबासा में श्रद्धांजलि एवं स्मरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह सादगी, शालीनता, विद्वता और सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह ने आर्थिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण फैसले लिए और देश की विकास यात्रा को नई दिशा देने में भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में लिए गए कई निर्णयों का देश की आर्थिक एवं सामाजिक व्यवस्था पर व्यापक प्रभाव पड़ा।
त्रिशानु राय ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह का सार्वजनिक जीवन ज्ञान, विनम्रता, संयम और कर्मठता का उदाहरण रहा। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के साथ देश की सेवा की। आम नागरिकों के हित और देश के विकास के लिए उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने डॉ. मनमोहन सिंह के विचारों, आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने सार्वजनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय समन्वयक दीनबंधु बोयपाई, यूथ इंटक जिलाध्यक्ष सुरेश सावैयां, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सुरेश चन्द्र सावैयां, शिक्षा विभाग के चेयरमैन पुरुषोत्तम दास पान, कैरा बिरुवा, इम्तियाज खान, सुनीता दोंगो, ताला माई तापेए, राजेन्द्र कच्छप, राकेश सिंह, प्रदीप बाग, सूरज सुंडी, सुशील दास समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।-
