रांची

झारखंड में ठंड का कहर, 5 दिसंबर तक पारा गिरने की चेतावनी

Ranchi : दिसंबर की शुरुआत होते ही झारखंड में मौसम अचानक बदल गया है। रांची सहित कई जिलों में सुबह और शाम ठंड काफी बढ़ गई है। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है और अस्पतालों में सर्दी-खांसी के मरीज 80% तक बढ़ गए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन अगले दिन फिर 4 डिग्री की गिरावट की संभावना है। 2 से 5 दिसंबर के बीच प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। रांची में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से नीचे जा सकता है और मैक्लुस्कीगंज व कांके में पारा 5 डिग्री तक पहुंच सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण रातें और ज्यादा ठंडी रहेंगी।

पिछले 24 घंटे में चाईबासा का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री और गुमला का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री दर्ज किया गया। पठारी इलाकों में रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की कमी देखी जा सकती है। दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, गिरिडीह और देवघर में दिन का तापमान 26–30 डिग्री और रात का 12–16 डिग्री रह सकता है। कई ऊंचाई वाले स्थानों पर सुबह हल्का कोहरा छा सकता है।

चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और गढ़वा में उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज होंगी, जिससे रात का तापमान 8–12 डिग्री तक गिर सकता है। रांची, रामगढ़, खूंटी और गुमला में रात का तापमान 10–13 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। दक्षिणी जिलों जमशेदपुर, सरायकेला, चाईबासा और सिमडेगा में रात का तापमान सबसे तेजी से गिर रहा है और 9–11 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं दिन का तापमान 26–29 डिग्री रहेगा।

3 दिसंबर से आसमान साफ रहेगा, लेकिन इसके कारण रात की ठंड और बढ़ेगी। 4 और 5 दिसंबर को कई जिलों में शीतलहर जैसी स्थिति बन सकती है। जहां तापमान 4–5 डिग्री तक पहुंचेगा, वहां पाला पड़ने की आशंका है। किसानों को फसलों की सुरक्षा की तैयारी करने की सलाह दी गई है। विभाग ने बताया कि बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा। लोगों को सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने और सेहत का ध्यान रखने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *