Home

ठंड, हरियाली और झरने : नव वर्ष 2026 पर टूरिस्ट हॉटस्पॉट बनी रांची

नव वर्ष 2026

Ranchi : नव वर्ष 2026 के मौके पर राजधानी रांची और आसपास के पर्यटन स्थल पूरी तरह तैयार हैं। सर्द मौसम, हरियाली और झरनों की खूबसूरती के बीच रांची इस समय हिल स्टेशन जैसी लग रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का असर बना रहेगा, जिससे पर्यटकों का रुझान और बढ़ सकता है।

इस बार बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से बड़ी संख्या में पर्यटक रांची आ चुके हैं। शहर के लगभग 90% होटलों में कमरे भर चुके हैं। दशम फॉल, हुंडरू फॉल, जोन्हा फॉल, पतरातू घाटी, रॉक गार्डन, बिरसा जैविक उद्यान, धुर्वा, गेतलसूद और कांके डैम समेत सभी प्रमुख पर्यटन स्थल सज-धज कर तैयार हैं।

जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी प्रमुख फॉल और पिकनिक स्पॉट पर अतिरिक्त पुलिस तैनात है। डेंजर प्वाइंट पर बैरिकेडिंग की गई है और गोताखोर व आपदा प्रबंधन टीम अलर्ट मोड पर हैं।

मुख्य पर्यटन स्थलों की जानकारी और सावधानियां

हुंडरू फॉल (अनगड़ा) : स्वर्णरेखा नदी पर 320 फीट की ऊँचाई से गिरता है। प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगल और नीचे बने पूल पर्यटकों को आकर्षित करते हैं।
सावधानी: 31 दिसंबर और 1 जनवरी को भारी भीड़ होगी। सुरक्षित जगह पर ही वाहन पार्क करें। डेंजर जोन में न जाएं।
दशम फॉल (बुंडू, तैमारा गांव) : कांची नदी पर 144 फीट ऊँचाई से गिरने वाला यह फॉल 10 जलधाराओं के कारण खास है।
सावधानी: डेंजर जोन में लाल रिबन से घेराव किया गया है। ऊपरी क्षेत्र में न जाएं। वाहन सुरक्षित स्थान पर ही पार्क करें।
जोंहा फॉल (चमघटी नाला व गूंगा नाला, अनगड़ा) : रांची से लगभग 40 किमी दूर, बौद्ध धर्म के अवशेष और भगवान बुद्ध का प्राचीन मंदिर यहाँ स्थित है।
सावधानी: वाहनों की पार्किंग दूर रखें। चट्टानों पर फिसलन है, डेंजर जोन से आगे न जाएं। पर्यटन मित्र की सलाह का पालन करें।

जिला प्रशासन और पर्यटन मित्रों ने कहा है कि आने वाले पांच दिन इन पर्यटन स्थलों पर लाखों सैलानी आ सकते हैं। पर्यटक इन नियमों का पालन करें और सुरक्षित ढंग से नव वर्ष का आनंद लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *