धनबाद

कोयला माफिया का दुस्साहस : धनबाद में स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर और पत्नी से की मारपीट

स्पेशल ब्रांच

Dhanbad : केंदुआडीह थाना क्षेत्र के केंदुआ-झरिया मुख्य मार्ग पर कोयला तस्करों का दुस्साहस सामने आया है। कुमार मंगलम स्टेडियम के पास स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार और उनकी पत्नी काजल कुमारी के साथ मारपीट की गई। इस घटना में दोनों घायल हो गए।

रास्ता मांगने पर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, अनुज कुमार अपनी पत्नी के साथ स्कूटी से झरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी हाइवा गाड़ियों से कोयला उतार रहे लोगों से उनका विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि उन्होंने सिर्फ रास्ता देने को कहा था, लेकिन इसी बात पर कहासुनी बढ़ गई।

दारोगा और पत्नी दोनों को पीटा
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कोयला तस्करों ने सब इंस्पेक्टर अनुज कुमार पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उनकी पत्नी काजल कुमारी को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। हमले में अनुज कुमार की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी के पैर और शरीर पर भी चोट के निशान हैं।

मोबाइल छीनकर फेंका, स्थानीय लोगों ने बचाया
पीड़िता काजल कुमारी ने बताया कि वे इसी इलाके में रहते हैं और लोग उन्हें पहचानते भी हैं। उन्होंने सिर्फ रास्ता मांगा था, लेकिन हमलावर आक्रोशित हो गए। घटना का वीडियो बनाने पर उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया गया। स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह दोनों को हमलावरों से बचाया जा सका।

पुलिस पहुंची, आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही स्पेशल ब्रांच के डीएसपी संतोष कुमार मिश्रा, अनूप कुमार महतो समेत कई अधिकारी और केंदुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक सभी आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।

अब तक लिखित शिकायत नहीं, जांच जारी
केंदुआडीह थाना के एएसआई राजू मुंडा ने बताया कि अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। केवल इंज्यूरी रिपोर्ट थाना में जमा कराई गई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *