मां कामाख्या मंदिर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, झारखंड की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा

Ranchi/Guwahati : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने मंगलवार को असम के गुवाहाटी स्थित प्रसिद्ध मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने झारखंड के लोगों की सुख-समृद्धि, शांति और उज्जवल भविष्य की कामना की। सीएम मंदिर परिसर पहुंचे और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा की। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां कामाख्या के चरणों में शीश झुकाकर राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण की प्रार्थना की।

राज्य की तरक्की की मांगी कामना
पूजा के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें एक बार फिर मां कामाख्या के दरबार में आने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि मां की कृपा से झारखंड लगातार प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़े और राज्य के लोगों का जीवन बेहतर हो, यही उनकी कामना है।

धार्मिक आस्था के साथ जनकल्याण का संदेश
सीएम के इस दौरे को धार्मिक आस्था के साथ-साथ राज्य के विकास और जनकल्याण से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने पूरे प्रदेश के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए लोगों के बेहतर भविष्य की प्रार्थना की। माना जाता है कि मां कामाख्या मंदिर देश के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर स्थानीय स्तर पर भी खासा उत्साह देखा गया।


