रांची

सीएम हेमंत से चर्च के पुरोहितों और यूथ लीडर्स की भेंट, क्रिसमस की दी बधाई

Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन से रांची जिले में अवस्थित विभिन्न चर्चों के पुरोहितों और यूथ लीडर्स ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की और उन्हें क्रिसमस की बधाई दी। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। सीएम ने सभी को क्रिसमस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके साथ मिलकर इस पर्व की खुशियां साझा कीं। भेंट के दौरान जीईएल चर्च, एनडब्ल्यू जीईएल चर्च, सीएनआई चर्च और पेंटीकॉस्टल चर्च के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं। इस खास मौके पर मुख्यमंत्री ने केक काटकर प्रभु यीशु के आगमन की खुशियों को मनाया।

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि क्रिसमस का पर्व परमेश्वर के प्रति असीम प्रेम और गहरी आस्था का प्रतीक है। यह त्योहार समाज में शांति, एकता, सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी के जीवन में खुशियां बनी रहें, इसके लिए प्रभु यीशु से प्रार्थना करते हैं।

इस अवसर पर विधायक राजेश कच्छप, आर्च बिशप राजू सतीश टोप्पो, बिशप निस्तार कुजूर, बिशप अनुराग मिंज, जीईएल चर्च के महासचिव ईश्वर दत्त कंडुलना, रेव्ह माइकल कच्छप, पादरी निरल बागे, सुजीत कुजूर, सजीत टोप्पो, आकाश तिर्की और विकास तिर्की उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *