Home

जमशेदपुर में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना: 246 लाभुकों को बांटी जाएंगी 660 गायें

Jamshedpur :  जमशेदपुर जिले में इस साल मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत 246 लाभुकों को कुल 660 गायें दी जाएंगी। जिला गव्य विकास विभाग ने लाभुकों की तलाश शुरू कर दी है। विभाग को अब तक अनुसूचित जाति (एससी) लाभुकों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। प्रखंड पशुपालन अधिकारियों को पत्र लिखकर एससी लाभुकों की खोज जोर-शोर से करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा अनुसूचित जनजाति (एसटी) लाभुकों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यदि कहीं एसटी लाभुक पर्याप्त नहीं मिलते हैं तो सामान्य वर्ग के लाभुकों से काम चलाया जा सकता है।

दो-दो गायें पाने वाली महिलाएं

इस योजना में दो-दो दुधारू गाय केवल महिलाओं को दी जाएंगी। इस साल 200 महिलाओं को लक्ष्य रखा गया है, यानी कुल 400 गायें। अब तक 176 महिलाओं ने आवेदन किया है। योजना में सरकार 75 प्रतिशत लागत (लगभग 1.01 लाख रुपये) का भुगतान करेगी, जबकि लाभुक 25 प्रतिशत (लगभग 33,762 रुपये) देंगे। विशेष लाभ के तहत दिव्यांग, आपदा या हादसे की शिकार और तलाकशुदा महिलाओं को 90 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।

पांच-पांच गाय पाने वाले लाभुक

पांच दुधारू गाय योजना में 40 लाभुक शामिल होंगे। अब तक 33 लोगों ने आवेदन किया है। इसमें महिलाएं और पुरुष दोनों लाभ उठा सकते हैं। सरकार एससी और एसटी लाभुकों को 75 प्रतिशत और सामान्य वर्ग को 50 प्रतिशत अनुदान देगी। लाभुकों का चयन ग्रामसभा के माध्यम से किया जाएगा।

10-10 गाय पाने वाले लाभुक

छह लाभुकों को 10-10 गायें दी जाएंगी। इसमें भी एससी और एसटी लाभुकों को 75 प्रतिशत अनुदान मिलेगा, जबकि सामान्य वर्ग के लाभुकों को 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा।

गायें केवल रजिस्टर्ड कारोबारी से खरीदें

लाभुक गायें केवल जिले के 12 रजिस्टर्ड कारोबारियों से ही खरीद सकते हैं। ये कारोबारी गोलपहाड़ी मेले में अपनी गायें लाते हैं। लाभुक गाय पसंद करने के बाद सरकारी प्रक्रिया के तहत राशि सीधे कारोबारी के खाते में ट्रांसफर की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *