रांची लौटे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 10 दिनों के विदेश दौरे के बाद मंगलवार को राजधानी रांची लौट आए। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पगुच्छ और नारों के साथ भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर एयरपोर्ट परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 7 जनवरी को दिल्ली होते हुए स्विट्जरलैंड के दावोस रवाना हुए थे, जहां उन्होंने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की वार्षिक बैठक में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश के उद्योगपतियों, निवेशकों और वैश्विक संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। झारखंड में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और सतत विकास जैसे विषयों पर उन्होंने राज्य का पक्ष मजबूती से रखा।
दावोस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री 22 जनवरी की रात यूनाइटेड किंगडम पहुंचे। यूके प्रवास के दौरान 26 जनवरी तक उन्होंने निवेश, उद्योग, शिक्षा और अनुसंधान से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान राज्य में उच्च शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट, रिसर्च और तकनीकी सहयोग को लेकर विभिन्न संस्थानों और प्रतिनिधियों के साथ सार्थक चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री के इस विदेश दौरे का उद्देश्य झारखंड को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाना और राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना था। मुख्यमंत्री ने विभिन्न मंचों पर झारखंड की औद्योगिक नीतियों, संसाधनों और संभावनाओं को प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री का यह दौरा राज्य के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रांची लौटने के बाद मुख्यमंत्री शीघ्र ही अधिकारियों के साथ बैठक कर विदेश दौरे के अनुभवों और प्रस्तावों पर आगे की कार्ययोजना तैयार करेंगे। समर्थकों और पार्टी नेताओं ने मुख्यमंत्री के सफल विदेश दौरे को झारखंड के लिए उपलब्धि बताया है।
