बोकारो

बोकारो के चास में मतदान के दौरान बवाल, एसडीपीओ घायल, कई लोग हिरासत में

चास

Bokaro : बोकारो जिले के चास नगर निगम क्षेत्र के बूथ संख्या 32 पर मतदान के दौरान अचानक हंगामा और हाथापाई की घटना सामने आई है। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे चास के एसडीपीओ प्रवीण सिंह पर भी हमला किया गया, जिसमें वे घायल हो गए। उनका इलाज चास के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग अपने समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में वोट दिलाने को लेकर बूथ पर माहौल बिगाड़ रहे थे। इसी दौरान विरोध और बहस बढ़ते-बढ़ते हाथापाई में बदल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

एसपी पहुंचे, लिया संज्ञान

घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो एसपी हरविंदर सिंह दलबल के साथ बूथ संख्या 32 पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसपी ने कहा कि माहौल खराब करने और मारपीट में शामिल लोगों को डिटेन किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। साथ ही बूथ पर हुई पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है।

एसपी ने बताया कि जब कुछ लोगों को गलत तरीके से मतदान कराने से रोका गया तो उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ भी धक्का-मुक्की की। इसी दौरान एसडीपीओ प्रवीण सिंह पर हमला हुआ और वे घायल हो गए।

महिला प्रत्याशी ने भी लगाए आरोप

वहीं वार्ड संख्या 32 की एक महिला प्रत्याशी ने भी मीडिया के सामने आरोप लगाया है कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई और मारपीट करने की कोशिश की गई। उनका कहना है कि कुछ लोग जबरन अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट डलवाने की कोशिश कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ हाथापाई की गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर कार्रवाई होगी।

मतदान प्रभावित, सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद कुछ देर के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। बूथ पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि आगे कोई अप्रिय घटना न हो। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *