Home

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शहर से गांव तक गूंजा जयघोष, उमड़ा जनसैलाब

पूर्वी सिंहभूम, 16 जुलाई । भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की वार्षिक रथ यात्रा गुरुवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई।

जमशेदपुर शहर के बिष्टुपुर, कदमा, मानगो, जुगसलाई, साकची, खासमहल, नाग मंदिर, राजस्थान भवन और इस्कॉन मंदिर सहित पटमदा, पोटका, बहरागोड़ा तथा घाटशिला अनुमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में हजारों श्रद्धालु रथ यात्रा में शामिल हुए। पूरे दिन “जय जगन्नाथ” के उद्घोष, भजन-कीर्तन और शंखनाद से वातावरण भक्तिमय बना रहा। विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह शरबत, पेयजल और महाप्रसाद की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की।

पटमदा प्रखंड के कमलपुर थाना क्षेत्र स्थित दगड़ीगोड़ा के श्री श्री हरि साधना आश्रम से पहली बार भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकाली गई। दोपहर में महाप्रभु का रथ जैसे ही आश्रम से निकला, श्रद्धालु जयघोष करते हुए उसके साथ चल पड़े। रथ यात्रा काटिन बाजार होते हुए लगभग ढाई किलोमीटर दूर गोपालपुर गांव स्थित मौसीबाड़ी पहुंची। वहीं कुलटांड़ के श्री श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर से भी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा बांसगढ़ मौसीबाड़ी तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु शामिल हुए।

इधर, इस्कॉन जमशेदपुर की ओर से बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्रीराम मंदिर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रथयात्रा शुरू हुई। यात्रा गोपाल मैदान, जुस्को गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम और साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए वाहन पड़ाव तक पहुंची। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के लिए तैयार किए गए तीन आकर्षक रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया और कई स्थानों पर आरती और महाप्रसाद वितरण किया गया। इस्कॉन के अध्यक्ष स्वामी पद्मनाभ जगन्नाथ दास ने बताया कि आयोजन की तैयारी पिछले एक माह से चल रही थी और लगभग एक हजार स्वयंसेवकों ने व्यवस्था संभाली।

रथयात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की थी। दगड़ीगोड़ा में अंचलाधिकारी डॉ राजेंद्र कुमार दास, डीएसपी दयानंद कुमार, अंचल निरीक्षक अजय कुमार मुंडा, कमलपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार और अवर निरीक्षक पुरुषोत्तम कुमार राय पुलिस बल के साथ पूरे मार्ग पर तैनात थेे। आयोजन में जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो, बिंदुवाला महतो, गिरिजा प्रसाद मिश्रा, बासुदेव मिश्रा, मृत्युंजय महतो, प्रदीप कुमार महतो, संदीप कुमार मिश्रा, शंभू दास, प्रेमचांद महतो, इंद्रजीत मिश्रा, श्रीमंत मिश्रा, अनंत लाल मिश्रा, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थेे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *