संताल परगना के औद्योगिक क्षेत्रों का चैम्बर ने किया निरीक्षण, उद्यमियों की समस्याओं पर मंथन
रांची: राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति, आधारभूत संरचना और उद्यमियों की समस्याओं का आकलन करने के उद्देश्य से फेडरेशन ऑफ झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में चैम्बर के सह सचिव रोहित पोद्दार ने संताल परगना प्रमंडल के विभिन्न इंडस्ट्रियल एरिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डाबरग्राम इंडस्ट्रियल एरिया, जसीडीह फेज-1 एवं फेज-2, देवीपुर इंडस्ट्रियल एरिया, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क और देवघर प्लास्टिक पार्क का दौरा किया गया। इस दौरान सड़क, बिजली, जलापूर्ति, ड्रेनेज, सुरक्षा व्यवस्था, भूमि आवंटन और औद्योगिक गतिविधियों की समीक्षा की गई।
सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क में उद्यमियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए। उद्यमियों ने भूमि आवंटन के बावजूद पजेशन नहीं मिलने, आधारभूत सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक अड़चनों को प्रमुख समस्या बताया। जसीडीह फेज-1 और फेज-2 में कई उद्यमियों को तीन वर्षों से पजेशन नहीं मिलने के कारण उद्योग शुरू नहीं हो सके हैं।
रोहित पोद्दार ने जियाडा अधिकारियों से हर तीन माह में समन्वय बैठक आयोजित करने तथा इंडस्ट्रियल एरिया के नियमित निरीक्षण की व्यवस्था करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि चैम्बर पूरे निरीक्षण की विस्तृत रिपोर्ट उद्योग सचिव एवं जियाडा प्रबंधन को सौंपेगा।
प्रतिनिधिमंडल ने शंकरपुर रेलवे स्टेशन और प्रस्तावित रेलवे यार्ड का भी निरीक्षण किया और इसे क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
निरीक्षण के दौरान पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक मल्लिक, देवघर चैम्बर के अध्यक्ष रवि केसरी, संताल परगना चैम्बर के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा, सचिव निरंजन सिंह, सह सचिव पंकज भालोटिया, देवघर चैम्बर के कोषाध्यक्ष पंकज मोदी, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के सदस्य रितेश टिबड़ेवाल, पेंच सिंघल, आलोक सिंह, राकेश कुमार, अमर कुमार, निरंजन उपाध्याय समेत कई उद्यमी उपस्थित थे। पूरे भ्रमण के दौरान जियाडा के औद्योगिक पदाधिकारी पियूष शील ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
