सोनारी में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, घर लौट रही महिला को बनाया निशाना

Jamshedpur : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिन के उजाले में चेन छीनने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने घर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए।
कचरा फेंककर लौट रही थी महिला
जानकारी के मुताबिक, महिला अपने घर से कचरा फेंकने बाहर निकली थी। कचरा डालकर जैसे ही वह वापस घर की ओर लौट रही थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक उसके सामने से गुजरे। महिला को उस समय कुछ शक नहीं हुआ। लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद वे दोनों वापस लौटे और अचानक झपट्टा मारकर उसके गले से चेन खींच ली।
खींचतान में गले पर आई चोट
महिला ने चेन बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने जोर से खींच लिया। इस दौरान उसके गले में गंभीर खरोंच आ गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी बाइक से तेज रफ्तार में भाग निकले। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक वे फरार हो चुके थे।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि पहले बाइक सवार महिला के सामने से गुजरते हैं। फिर जब महिला लौटती है तो वे वापस आकर सामने से ही चेन छीनकर भाग जाते हैं। दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उनकी पहचान करना थोड़ा मुश्किल हो रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, गश्ती बढ़ाने की मांग
घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। स्थानीय लोगों ने दिनदहाड़े हुई इस वारदात पर चिंता जताई है और इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
