Home

चाईबासा मुठभेड़ अपडेट : एक नक्सली ढेर, SLR राइफल बरामद

Chaibasa : चाईबासा जिले के टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के घने जंगलों में बुधवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में कोबरा 209 बटालियन के जवानों ने एक माओवादी को मार गिराया। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से माओवादी का शव बरामद कर लिया है। साथ ही वहां से एक SLR राइफल और अन्य संदिग्ध सामग्री भी जब्त की गई है। फिलहाल मारे गए माओवादी की पहचान की जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है, क्योंकि आसपास अन्य माओवादियों के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है।

मिसिर बेसरा के दस्ते की सूचना पर चला अभियान

जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया सूचना मिली थी कि एक करोड़ रुपये का इनामी नक्सली नेता मिसिर बेसरा अपने दस्ते के साथ टोंटो-गोइलकेरा क्षेत्र के जंगलों में सक्रिय है। सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों ने रूटुगुटू, बोरोई और तूनबेड़ा के आसपास के जंगलों को घेर लिया। पिछले दो दिनों से लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी अभियान के तहत बुधवार को कोबरा 209 बटालियन के जवान घने जंगलों में आगे बढ़े। इसी दौरान माओवादियों ने सुरक्षाबलों को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी।

जवानों ने दिया मुंहतोड़ जवाब

माओवादियों की फायरिंग के जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद एक माओवादी मारा गया, जबकि बाकी माओवादी जंगल का फायदा उठाकर भाग निकले। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। जंगल के भीतर गहन तलाशी अभियान जारी है, ताकि फरार माओवादियों को पकड़ा जा सके।

बड़ी सफलता की उम्मीद

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह अभियान अभी और बड़ी सफलता दिला सकता है। खासकर एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा की तलाश को लेकर अभियान और तेज कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चाईबासा के जंगलों में माओवादियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ ऑपरेशन को आगे बढ़ा रहे हैं। इलाके में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *