Home

असम-बंगाल-पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर चाईबासा में जश्न, मधु कोड़ा ने बांटी खुशियां

Chaibasa : चाईबासा में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने भाजपा की असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों में मिली सफलता पर जश्न मनाया। चाईबासा जिले के नोवामुंडी में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की गई। इस मौके पर मधु कोड़ा ने कहा कि चुनाव नतीजे साफ संकेत देते हैं कि देश की जनता Narendra Modi के नेतृत्व में चल रही नीतियों पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण से जुड़े कानूनों और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) जैसे फैसलों को जनता का व्यापक समर्थन मिला है, जो इन परिणामों में झलक रहा है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति जैसे मुद्दों पर उठाए गए सवालों का जवाब जनता ने अपने वोट के जरिए दे दिया है। उनके मुताबिक, कुछ लोग ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और विदेश नीति को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जनता ने मजबूत और निर्णायक नेतृत्व का साथ दिया।

मधु कोड़ा ने यह भी कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों और अवैध घुसपैठियों के प्रति नरम रुख रखने वालों को जनता ने नकार दिया है। उन्होंने असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी की जनता का आभार जताते हुए कहा कि उनके समर्थन से ही यह जीत संभव हो पाई है। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह देश में बदलाव की लहर है, उसी तरह झारखंड में भी जनता विकास और सुशासन के पक्ष में फैसला लेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *