निराश्रितों और दिव्यांगों संग मनाई होली, सेवा और समरसता का दिया संदेश
रांची: संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित सदगुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे 50 से अधिक निराश्रित एवं दिव्यांग प्रभुजनों के साथ होली का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। यह आयोजन श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में हुआ, जहां रंगों के इस पर्व ने सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे द्वारा श्री राधा रानी की विधिवत पूजा-अर्चना और महाभोग अर्पण से हुई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद आश्रम में रह रहे निराश्रितों, दिव्यांगों और सेवादारों के बीच अबीर-गुलाल के साथ होली खेली गई।
होली के पारंपरिक गीतों और भजनों की मधुर धुन पर सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर प्रेम और भाईचारे का परिचय दिया। आश्रम परिसर रंगों से सराबोर हो उठा और हर चेहरे पर मुस्कान दिखी। विशेष रूप से निराश्रित एवं दिव्यांग प्रभुजनों के चेहरे पर दिखा उत्साह कार्यक्रम को भावुक और प्रेरणादायक बना गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने सभी को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के साथ पर्व मनाना ही सच्ची सेवा और मानवीयता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी के बीच स्वादिष्ट व्यंजनों का वितरण किया गया। सेवा, श्रद्धा और सौहार्द के वातावरण में मनाया गया यह होली उत्सव सभी के लिए यादगार बन गया। यह जानकारी ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी
