बूथ संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत, कार्यकर्ता अभी से चुनावी तैयारी में जुटें : रघुवर दास

जमशेदपुर: पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत बूथ संगठन हैं। उन्होंने कहा कि जिस राजनीतिक दल का बूथ संगठन जितना सशक्त होगा, चुनावी सफलता भी उसी के पक्ष में जाएगी। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने बूथ को सबसे मजबूत बनाने का संकल्प लेकर अभी से चुनावी तैयारियों में जुट जाना चाहिए।
गुरुवार को भालूबासा स्थित शीतला भवन में आयोजित भाजपा झारखंड प्रदेश के कोल्हान प्रमंडल, जमशेदपुर महानगर एवं पूर्वी सिंहभूम जिला की संयुक्त संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा कार्यकर्ता आधारित संगठन रही है और बूथ की मजबूती ही चुनावी जीत की आधारशिला होती है। उन्होंने “बूथ जीते, चुनाव जीते” और “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” अभियान को पूरी ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ समिति को सक्रिय बनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
रघुवर दास ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच निरंतर संपर्क बनाए रखें और संगठन की विचारधारा के साथ-साथ जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाएं।
बैठक को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद तथा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने भी संबोधित किया और संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 2 अगस्त से सभी बूथ समितियों की बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों में बूथ स्तर पर संगठन की समीक्षा, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने, मतदाताओं से संपर्क अभियान तेज करने तथा चुनावी तैयारियों की रूपरेखा तय की जाएगी।
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और राज्य सरकार की नीतियों को लेकर पार्टी का पक्ष जनता के बीच मजबूती से रखने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम में दोनों संगठनात्मक जिलों के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
