खूंटी

विश्व आदिवासी दिवस पर रक्तदान शिविर, 20 लोगों ने किया रक्तदान

खूंटी , 09 अगस्त । विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर सदर अस्पताल खूंटी स्थित रक्त केंद्र के तत्वावधान में रविवार को नगर पंचायत के वार्ड नंबर-10 में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व वार्ड पार्षद मोहम्मद खालिद हुसैन ने किया। इसका शुभारंभ सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक और वार्ड पार्षद ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर वार्ड पार्षद मोहम्मद खालिद हुसैन ने कहा कि वार्ड नंबर-10 में समय-समय पर जनहित से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसी क्रम में सामाजिक दायित्व के तहत विश्व आदिवासी दिवस पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है।

सिविल सर्जन डॉ. ललित रंजन पाठक ने कहा कि रक्तदान महादान है। थैलेसीमिया और सिकल सेल बीमारी से पीड़ित मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए नियमित रक्तदान शिविर जरूरी हैं। उन्होंने शिविर के आयोजन के लिए वार्ड पार्षद मोहम्मद खालिद हुसैन और आजाद समाज पार्टी के जिला प्रभारी मोहम्मद मोजबिल राईन के प्रति आभार जताया।

आजाद समाज पार्टी के जिला प्रभारी मोहम्मद मोजबिल राईन ने बताया कि संगठन की ओर से प्रत्येक तीन माह में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाता है, जिसमें युवा उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने की अपील की।

शिविर में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद किशोर उरांव ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद कुल 20 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर को सफल बनाने में वार्ड पार्षद, पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के अलावा रक्त केंद्र के काउंसलर निशांत झा, सुशांत कुमार और पूनम भेंगरा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *