Home

महिला आक्रोश मार्च में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, विपक्ष पर जमकर हमला

Ranchi : झारखंड में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भाजपा ने शनिवार को राजधानी रांची में महिला आक्रोश मार्च निकाला। मोरहाबादी मैदान से बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतरीं और जेएमएम, कांग्रेस और राजद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोश मार्च से पहले मोरहाबादी मैदान के पास एक जनसभा का आयोजन किया गया। इसके बाद यह मार्च अल्बर्ट एक्का चौक तक निकाला गया। चिलचिलाती धूप के बावजूद राज्य के अलग-अलग जिलों से आईं महिलाएं इस प्रदर्शन में शामिल रहीं।

Women Protest March organized by Jharkhand State BJP in Ranchi

भाजपा के दिग्गज नेता रहे मौजूद

इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में कई बड़े नेता शामिल हुए। मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, चंपाई सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और सांसद दीपक प्रकाश सहित कई नेता मौजूद रहे।

विपक्ष पर जमकर हमला

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि परिवारवादी पार्टियां नहीं चाहतीं कि महिलाएं राजनीति में मजबूत बनें। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार चुप है। केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह वही दल हैं जिन्होंने महिलाओं को उनका हक देने वाले बिल पर समर्थन नहीं दिया।

महिलाओं के अधिकार को लेकर आक्रोश

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लटकाने और अटकाने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं लंबे समय से 33 प्रतिशत आरक्षण का इंतजार कर रही थीं, लेकिन विपक्ष के रवैये से उन्हें निराशा हुई है।

“महिलाओं को गुमराह किया गया” – रघुवर दास

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि विपक्ष ने राजनीतिक स्वार्थ के कारण इस बिल का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार ने इसे लागू करने की पहल की है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। भाजपा नेताओं ने इसे महिला सशक्तिकरण के समर्थन में एक बड़ा जनआंदोलन बताया, जबकि विपक्ष पर लगातार हमला जारी रखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *