रांची

धान अधिप्राप्ति पर भाजपा के आरोप निराधार, राजनीतिक हताशा का परिणाम: इरफान अंसारी

रांची, 16 दिसंबर । झारखंड में धान अधिप्राप्ति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर मंत्री इरफान अंसारी ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर कड़ा पलटवार किया है।

मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर जिस तरह से कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया जा रहा है, वह पूरी तरह गलत और निराधार है तथा भाजपा की राजनीतिक हताशा और बौखलाहट का स्पष्ट प्रमाण है।

मंत्री अंसारी ने कहा कि झारखंड में भाजपा पूरी तरह दिशाहीन और जनाधार-विहीन हो चुकी है। इसी कारण वह तथ्यहीन आरोपों के सहारे सुर्खियों में बने रहने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि धान अधिप्राप्ति शुरू हुए अभी महज एक दिन ही हुआ है और भाजपा को घोटाला नजर आने लगा, जो उसकी घबराहट और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है।

मंत्री ने आरोप लगाया कि केवल पत्र लिखकर और बयान देकर चर्चा में बने रहना भाजपा की आदत बन चुकी है, जिसे जनता अब भली-भांति समझ चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में धान अधिप्राप्ति की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और किसानों के हित में संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस विभाग के मंत्री हैं और लगातार किसानों से सीधे संवाद में हैं। भाजपा नेताओं के पास कोई ठोस तथ्य नहीं है और वे केवल भ्रम फैलाने व आरोप लगाने की राजनीति कर रहे हैं।

अंसारी ने यह भी कहा कि अधिप्राप्ति की शुरुआत के अवसर पर सभी राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया था, लेकिन भाजपा का कोई भी नेता किसानों का मनोबल बढ़ाने के लिए क्रय केंद्रों पर नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा किसानों को राजनीति का औजार बनाया है, जबकि हेमंत सरकार किसानों के हितों से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *