पश्चिमी सिंहभूमि

रेलवे आरक्षण काउंटर की अव्यवस्था पर भाजपा नेता ने उठाई आवाज, डीआरएम को लिखा पत्र

पश्चिमी सिंहभूम, 11 दिसंबर । रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर में अव्यवस्था और यात्रियों को हो रही परेशानियों को लेकर भाजपा पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमंत कुमार केशरी ने गुरुवार को चक्रधरपुर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र भेजकर तत्काल सुधार की मांग की है।

अपने पत्र में केशरी ने लिखा है कि तत्काल टिकट प्राप्त करने के लिए यात्रियों को उचित व्यवस्था न होने के कारण घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है। यात्री सुबह 4 बजे से ही ठंड में लाइन लगाते हैं, जबकि टिकट काउंटर हाल सुबह 8 बजे खोला जाता है। उन्होंने बताया कि तत्काल टिकट के फार्म यात्रियों को खुद क्रमांक लिखकर काउंटर की खिड़की में छोड़ने पड़ते हैं और कई बार देखा गया है कि जमा किए गए फार्मों को फाड़कर फेंक दिया जाता है। केशरी के अनुसार, इसका वीडियो भी उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि आरक्षण हाल में रेलवे के किसी कर्मचारी की मौजूदगी नहीं रहती, जिसके कारण कई बार यात्रियों के बीच विवाद की स्थिति बन जाती है। साधारण आरक्षण के लिए भी यात्रियों को सुबह 4–5 बजे से बाहर खड़ा होना पड़ता है, जो अमानवीय प्रतीत होता है।

केशरी ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने सीनियर कमर्शियल मैनेजर से फोन पर भी शिकायत की है, जहां से उन्हें जांच का आश्वासन मिला है।

उन्होंने डीआरएम से मांग की है कि तत्काल टिकट फार्म जमा करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित किया जाए, काउंटर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और आरक्षण हाल को सुबह 5 बजे ही खोल दिया जाए, ताकि यात्रियों को बैठने और सुरक्षा की सुविधा मिल सके।

पत्र में हेमंत कुमार केशरी ने उम्मीद जताई है कि रेलवे प्रशासन जल्द कार्रवाई कर यात्रियों को राहत प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *