रांची

2029 के चुनाव लक्ष्य को लेकर भाजपा सक्रिय, मीडिया और सोशल मीडिया प्रभारियों को दिए गए दिशा-निर्देश

प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक, संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर

रांची, 25 जून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश के मीडिया प्रभारियों, प्रवक्ताओं एवं सोशल मीडिया प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने, मीडिया समन्वय को मजबूत बनाने तथा आगामी चुनावी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिम्मेदारी को अवसर के रूप में लें कार्यकर्ता : आदित्य साहू

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी ने सभी पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं और यह संगठन हित में कार्य करने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा में पद प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का विषय है। संगठन प्रत्येक कार्यकर्ता के कार्य और समर्पण का निरंतर मूल्यांकन करता है। पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर हमेशा उपलब्ध रहते हैं।

मीडिया विभाग संगठन की आवाज : भाजपा

आदित्य साहू ने कहा कि मीडिया, प्रवक्ता और सोशल मीडिया विभाग संगठन की नीतियों, कार्यक्रमों और विचारधारा को समाज तक पहुंचाने के सबसे प्रभावी माध्यम हैं। इसलिए इन विभागों से जुड़े पदाधिकारियों को मीडिया प्रतिनिधियों के साथ बेहतर संवाद और समन्वय बनाए रखना चाहिए। उन्होंने मीडिया विभाग में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

सोशल मीडिया की भूमिका हुई और महत्वपूर्ण

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंपर्क और संवाद का अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में मीडिया, प्रवक्ता और सोशल मीडिया प्रभारियों को विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने पदाधिकारियों से इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया में प्रकाशित खबरों पर सतत नजर रखने तथा समसामयिक विषयों की अद्यतन जानकारी रखने की अपील की।

2029 के चुनाव को लेकर रणनीति बनाने का आह्वान

कर्मवीर सिंह ने वर्ष 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए लक्ष्य आधारित एवं योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समयबद्ध रणनीति, प्रभावी संवाद और संगठनात्मक सक्रियता के माध्यम से पार्टी अपनी पहुंच को और व्यापक बना सकती है।

कई वरिष्ठ नेताओं ने रखे विचार

बैठक में प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह ने भी संगठनात्मक विषयों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने किया।

बैठक में अजय शाह, रमाकांत महतो, अभय सिंह, अमित मंडल, अविनेश कुमार, संदीप वर्मा, रविनाथ किशोर, राफिया नाज़, अशोक बड़ाईक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *