रांची

बिरसा कृषि विश्वविद्यालय का नौवां दीक्षांत समारोह आठ अक्टूबर को, 387 विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि

रांची, 05 अक्टूबर । बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू) का नौवां दीक्षांत समारोह आठ अक्टूबर को कांके स्थित विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में आयोजित होगा। राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से सोमवार को बताया गया कि कुलपति डॉ. एससी दुबे और कुलसचिव डॉ. शैलेश चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय के अधिकारियों और वैज्ञानिकों की विभिन्न समितियां गठित की गई हैं।

दीक्षांत समारोह में कृषि, बागवानी, कृषि अभियंत्रण, जैव प्रौद्योगिकी, कृषि व्यवसाय प्रबंधन, पशु चिकित्सा एवं पशुपालन, वानिकी, मात्स्यिकी विज्ञान और दुग्ध प्रौद्योगिकी के कुल 387 छात्र-छात्राओं को स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी की उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 335 विद्यार्थी स्नातक, 48 विद्यार्थी मास्टर्स तथा चार शोधार्थी पीएचडी की उपाधि प्राप्त करेंगे।

इस अवसर पर 11 छात्र-छात्राओं को यूनिवर्सिटी गोल्ड मेडल और एक विद्यार्थी को चांसलर गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। बीएयू के राज्य के विभिन्न जिलों में स्थित 11 महाविद्यालयों के विद्यार्थी दीक्षांत समारोह में शामिल होकर उपाधियां प्राप्त करेंगे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सुबह 10.15 बजे तक दीक्षांत मंडप में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया है।-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *