पूर्वी सिहंभूमि

बिहार ने विकास को चुना, जनता का फैसला सर्वोपरि: निरहुआ

पूर्वी सिंहभूम, 8 दिसंबर । भोजपुरी सुपरस्टार और आजमगढ़ के पूर्व भाजपा सांसद दिनेश लाल ‘निरहुआ’ इन दिनों जमशेदपुर में अपनी नई फिल्म “मुर्गा ट्रॉफी” की शूटिंग में व्यस्त हैं। सोमवार को शूटिंग के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने जिसे चुना है, वही सर्वोपरि है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता विकास और सुशासन चाहती है और वही सरकार को चुनकर उसने अपना संदेश दे दिया है।

निरहुआ ने बिहार के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और जनता भी इस प्रगति को जारी रखना चाहती थी। चुनावी परिणाम इसी सोच का प्रतिबिंब हैं। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ दल विकास के मूल मुद्दों से भटककर ईवीएम और वोट चोरी जैसी बहसों में उलझ जाते हैं, जबकि जनता केवल कानून का राज और बेहतर सुविधाएं चाहती है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा है और इसी वजह से लोग भाजपा पर विश्वास बनाए हुए हैं।

राजनीतिक सक्रियता के सवाल पर निरहुआ ने कहा कि वे चुनावों के दौरान पार्टी के प्रचारक के रूप में हमेशा मौजूद रहते हैं। हाल ही में बिहार चुनाव में भी उन्होंने व्यापक प्रचार किया। खेसारी लाल यादव के साथ प्रचार के दौरान चर्चित विवाद पर उन्होंने कहा कि चुनाव का मैदान अलग होता है और ऐसी बयानबाजी अक्सर चुनावी माहौल में हो जाती है। अब जब जनता ने अपना फैसला सुना दिया है, तो उन बातों का कोई महत्व नहीं रह गया।

फिल्म की बात करें तो “मुर्गा ट्रॉफी” झारखंड के पारंपरिक खेल मुर्गा लड़ाई पर आधारित है। करीब सवा दो घंटे की इस फिल्म की शूटिंग झारखंड के कई हिस्सों में की गई है, जबकि अंतिम चरण का शूट जमशेदपुर के जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में हो रहा है। निरहुआ इस फिल्म में एक युवा झारखंडी पात्र की भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने दर्शकों से अपील की कि यह फिल्म झारखंड की संस्कृति, परंपरा और लोक कला से भरपूर है और इसे जरूर देखें।

शूटिंग स्थल पर निरहुआ के प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग सेल्फी और ऑटोग्राफ के लिए उत्साहित दिखे। स्थानीय लोगों ने भोजपुरी स्टार का गर्मजोशी से स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *