धनबाद

सोशल मीडिया पर सावधान!  एक मैसेज और उड़ गए लाखों रुपए

साइबर

Dhanbad : सोशल मीडिया के जरिए साइबर ठग नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला धनबाद के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत भागाबांध ओपी क्षेत्र की भागाबांध बस्ती का है, जहां ठगों ने इंस्टाग्राम पर भावनात्मक जाल बुनकर एक महिला से लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता तिलकी देवी ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक अज्ञात युवक ने संपर्क किया और खुद को उसका “भाई” बताते हुए कहा कि उसकी कोई बहन नहीं है और वह उसे गिफ्ट भेजना चाहता है। कुछ देर बाद युवक ने दावा किया कि वह गिफ्ट भेजने के लिए एयरपोर्ट जा रहा है और डिलीवरी के समय रिसीव करने के लिए तैयार रहने को कहा।

ऐसे बुना गया ठगी का जाल

कुछ समय बाद उसी नंबर से फोन कर युवक ने बताया कि उसकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है और इलाज व अन्य खर्च के लिए पैसे की जरूरत है। इसके बाद नाबालिग बेटी ने फोन अपनी मां तिलकी देवी को दे दिया। आरोप है कि युवक ने महिला को धमकाते हुए कहा कि उसकी वजह से ही एक्सीडेंट हुआ है और यदि पैसे नहीं दिए गए तो पुलिस उसे घसीटते हुए ले जाएगी।

ठगों ने महिला को डराने के लिए एक वीडियो भी भेजा, जिसमें पुलिस एक महिला को अपने साथ ले जाती दिख रही थी। इस वीडियो को देखकर तिलकी देवी घबरा गईं। डर के कारण उन्होंने सऊदी अरब में रह रहे अपने भाई से संपर्क किया, जिन्होंने उनके बैंक खाते में पैसे भेज दिए।

इसके बाद ठग ने स्कैनर भेजकर महिला से 2 लाख 7 हजार 201 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रकम मिलने के बाद भी आरोपी ने अतिरिक्त 3 लाख रुपये की मांग की। तब जाकर पीड़िता ने पड़ोसियों और आसपास के लोगों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद यह साइबर फ्रॉड होने की जानकारी सामने आई।

साइबर थाने में शिकायत

पीड़िता ने सरायढेला साइबर थाना पहुंचकर मामले की जानकारी दी। साइबर थाना की ओर से पहले राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। इसके बाद पीड़िता ने हीरापुर स्थित एक साइबर कैफे में जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज की और फिर साइबर थाने में लिखित आवेदन भी सौंपा।

पुलिस का बयान

इस मामले में साइबर थाना प्रभारी रविकांत प्रसाद ने बताया कि पीड़िता की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है और राष्ट्रीय पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर पोर्टल से शिकायत साइबर थाने को प्राप्त होती है, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *