Home

झारखंड के 18 जिलों में सामान्य से कम बारिश, छह जिलों में ही सामान्य वर्षा, 6 अगस्त के लिए ऑरेंज अलर्ट

रांची, 05 अगस्त । झारखंड में इस मानसून सीजन में अब तक बारिश सामान्य से कम रही है। मौसम विभाग के अनुसार, एक जून से पांच अगस्त तक राज्य के 24 में से केवल छह जिलों में ही सामान्य वर्षा दर्ज की गई है, जबकि 18 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है।

सामान्य वर्षा वाले जिलों में रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां और धनबाद शामिल हैं। वहीं चतरा, गढ़वा, गिरिडीह, पलामू, कोडरमा और हजारीबाग में स्थिति सबसे अधिक चिंताजनक है। इन जिलों में सामान्य से 40 से 62 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है।

मौसम विभाग की ओर से बताया गया कि राज्य में अब तक सामान्य 559.8 मिलीमीटर वर्षा के मुकाबले 408 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है। विभाग के मानकों के अनुसार, सामान्य वर्षा से 19 प्रतिशत तक की कमी को सामान्य श्रेणी माना जाता है, जबकि इससे अधिक कमी होने पर वर्षा सामान्य से कम मानी जाती है।

मौसम विभाग ने छह अगस्त को राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं नौ अगस्त तक राज्य के कई जिलों में भारी वर्षा की आशंका के मद्देनजर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 166.4 मिलीमीटर बारिश गोड्डा में दर्ज की गई। इसी अवधि में सबसे अधिक तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस सरायकेला में और सबसे कम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रांची के कांके में रिकॉर्ड किया गया।

बुधवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहे तथा कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। रांची में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 35.4 और न्यूनतम 26.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 34 और न्यूनतम 24.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 34.1 और न्यूनतम 26.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 35.8 और न्यूनतम 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *