उत्कृष्ट कार्य के लिए बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक सिंह सम्मानितप्रिंस खान और राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में निभाई अहम भूमिका
हजारीबाग, संवाददाता। अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस की साख मजबूत करने वाले थाना प्रभारी दीपक सिंह को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक की अनुशंसा पर हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
दीपक सिंह ने प्रिंस खान गिरोह और राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। गिरोह से जुड़े अपराधियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी में उनके नेतृत्व को पुलिस प्रशासन ने सराहनीय माना। इसी आधार पर आईजी स्तर से उनके नाम की अनुशंसा की गई थी।
प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए एसपी अमन कुमार ने कहा कि जिस उम्मीद और भरोसे के साथ दीपक सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, उस पर वे पूरी मजबूती से खरे उतरे हैं। अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में उनकी सक्रियता प्रशंसनीय है।
बड़कागांव थाना क्षेत्र में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से आम लोगों, विशेषकर व्यापारियों और विभिन्न कंपनियों से जुड़े लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। अपराधियों के खिलाफ सख्ती और त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता का सकारात्मक संदेश गया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से मिला यह सम्मान थाना प्रभारी दीपक सिंह के साथ-साथ बड़कागांव थाना की पूरी टीम के लिए उत्साहवर्धक माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी उनकी कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और अपराध के खिलाफ सख्ती की सराहना हो रही है।
