झारखंड में अपराध की बढ़ती घटनाओं पर बाबूलाल मरांडी ने जताई चिंता, पुलिस कार्रवाई पर सवाल

Ranchi : भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने अपने ट्विटर हैंडल पर राज्य में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर से एक युवा उद्यमी का अपहरण पांच दिन पहले हुआ, लेकिन पुलिस अब तक कोई ठोस सुराग नहीं ढूंढ पाई है। इसके अलावा रांची के ओरमांझी इलाके का 12 वर्षीय कन्हैया पिछले दो महीनों से लापता है।
मरांडी ने ट्वीट में कहा कि झारखंड में गरीबों का अपहरण मानव तस्करी के लिए और अमीरों का अपहरण फिरौती के लिए किया जा रहा है। उन्होंने वर्तमान हालात को 1990 के दशक के जंगलराज से जोड़ते हुए कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन पर भी निशाना साधते हुए लिखा कि वे कथित तौर पर विदेश में निवेश आमंत्रित करने गए हैं, लेकिन क्या राज्य की खराब कानून-व्यवस्था की सच्चाई भी निवेशकों के सामने रखी जाएगी? उन्होंने आदिवासी नेताओं की हत्या की घटनाओं का भी जिक्र किया। मरांडी ने कहा कि सोमा मुंडा की खूंटी में हत्या हो चुकी है और कुछ महीनों पहले युवा आदिवासी नेता सूर्या हांसदा को फर्जी एनकाउंटर में मारा गया था।
मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य में हत्या, अपहरण, लूट और बलात्कार जैसी घटनाओं ने आम जनता में भय और असुरक्षा पैदा कर दी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की सक्रियता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन केवल पटाखे छोड़ने और गुलछर्रे उड़ाने में व्यस्त है। उन्होंने जमशेदपुर पुलिस से अपील की कि अपहृत युवक को तत्काल सकुशल बरामद किया जाए और अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
