रांची

ओलम्पिक दिवस पर खिलाड़ियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

धनबाद में निकाली गई जागरूकता रैली, वृक्षारोपण अभियान की भी हुई शुरुआत

धनबाद। ओलम्पिक दिवस के अवसर पर धनबाद जिला ओलम्पिक संघ द्वारा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न खेल संघों के 100 से अधिक पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तक निकाली गई रैली

रैली स्थानीय सिटी सेंटर से शुरू होकर कला भवन होते हुए रणधीर वर्मा चौक तक पहुंची। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां और बैनर लेकर मार्च किया तथा लोगों को पेड़ लगाने और पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित किया।

2036 ओलम्पिक की तैयारी से जुड़ा है अभियान

धनबाद जिला ओलम्पिक संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय ओलम्पिक संघ ने वर्ष 2036 के ओलम्पिक खेलों की मेजबानी भारत में कराने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में इस वर्ष ओलम्पिक दिवस को विशेष रूप से पर्यावरणीय स्थिरता एवं संरक्षण (Environmental Sustainability and Conservation) को समर्पित किया गया है।

झारखंड ओलम्पिक संघ के मार्गदर्शन में धनबाद जिला ओलम्पिक संघ द्वारा सप्ताहव्यापी वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान की शुरुआत इस रैली के माध्यम से की गई।

खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी रहे शामिल

रैली में जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष एस. एम. हाशमी, महासचिव रंजीत केशरी, वरीय उपाध्यक्ष जुबैर आलम, रेज़ा इस्तेयाक, कोषाध्यक्ष पवन बरनवाल, संयुक्त सचिव मृदुल बोस, मनोज शर्मा, प्रियरंजन कुमार, सूरज वर्मा, कार्यकारी सदस्य राजेश यादव, शिव कुमार महतो, राहुल आनंद एवं वसीम हाशमी सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

इसके अलावा फेंसिंग, कबड्डी, लॉन बॉल्स, कराटे तथा थांग-ता संघ के खिलाड़ियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

दून पब्लिक स्कूल में लगाए गए 15 फलदार पौधे

रैली के समापन के बाद जिला ओलम्पिक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल दून पब्लिक स्कूल पहुंचा, जहां विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के उप निदेशक सुनील कुमार, उप प्राचार्य प्रियरंजन कुमार एवं शशांक कुमार की उपस्थिति में 15 फलदार पौधे लगाए गए।

आज संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल में होगा वृक्षारोपण

सप्ताहव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत 24 जून को संत जेवियर इंटरनेशनल स्कूल, नावाडीह में भी वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विद्यालय के प्राचार्य इंद्रनाथ सिन्हा की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं खेल पदाधिकारी शामिल होंगे।

धनबाद जिला ओलम्पिक संघ ने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *