रांची

रांची पहुंचे असम के कांग्रेस नेता गौरव गोगोई, CM हेमंत सोरेन से होगी अहम मुलाकात

गौरव गोगोई

Ranchi : असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई और भंवर जितेंद्र सिंह आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने रांची पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों नेताओं की लगभग सवा बारह बजे सीएम से मुलाकात होनी है।

असम चुनाव में राजनीतिक समन्वय की संभावना

असम में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इस मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गौरव गोगोई को असम में कांग्रेस का मुख्यमंत्री उम्मीदवार माना जाता है और वे कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीबी भी हैं। ऐसे में इस बैठक में असम की राजनीतिक परिस्थितियों, चुनाव रणनीति और सीट बंटवारे पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) असम में लगभग 10 सीटों की मांग कर सकता है। इस मुद्दे पर भी आज की बैठक में बातचीत होने की उम्मीद है।

हेमंत सोरेन के हालिया असम दौरे का प्रभाव

हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दो दिन के असम दौरे से लौटे हैं। इस दौरान उन्होंने तेजपुर में आयोजित एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आदिवासी समाज से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि असम के आदिवासी एकजुट हो जाएं तो राज्य में बड़ा राजनीतिक और सामाजिक बदलाव संभव है।

कांग्रेस और झामुमो के बीच तालमेल

असम में कांग्रेस और झामुमो के बीच समन्वय बनाने की कोशिश चल रही है। झामुमो की सक्रियता ने कांग्रेस के लिए चुनावी मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रांची में होने वाली आज की बैठक में दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट बंटवारे, सहयोग रणनीति और आदिवासी वोट बैंक को लेकर चर्चा होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *