Home

आर्ट ऑफ गिविंग डे: पूरे झारखंड में सेवा, खेल और सामाजिक सरोकारों का संगम

रांची: मानवता, सेवा और सामाजिक सहभागिता के वैश्विक अभियान “आर्ट ऑफ गिविंग” के 13वें स्थापना दिवस पर झारखंड में राज्यव्यापी कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य के सभी 24 जिलों में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 72 क्लबों को वॉलीबॉल एवं नेट वितरित किए गए। प्रत्येक जिले के तीन-तीन क्लबों को खेल सामग्री प्रदान की गई।

आर्ट ऑफ गिविंग की मुख्य शाखा भुवनेश्वर द्वारा उपलब्ध कराई गई इन खेल सामग्रियों के लिए झारखंड इकाई ने आभार व्यक्त किया। इसके अलावा CISF तथा डॉन बॉस्को अकादमी में भी 13वां आर्ट ऑफ गिविंग डे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।

राज्यभर में आयोजित कार्यक्रमों के तहत खेल सामग्री वितरण, मैत्री वॉलीबॉल मैच, स्वच्छता अभियान, जरूरतमंदों के बीच फल एवं खाद्य सामग्री वितरण, प्याऊ संचालन तथा सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों में खिलाड़ियों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।

आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक तथा KIIT एवं KISS के संस्थापक प्रो. डॉ. अच्युत सामंत की प्रेरणा से शुरू हुआ यह अभियान आज विश्व के कई देशों तक पहुंच चुका है। उनका संदेश “खुशी बांटने से बढ़ती है” लोगों को सेवा और सहयोग के लिए प्रेरित कर रहा है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आर्ट ऑफ गिविंग के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो. डॉ. गगनेन्दु दास का विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं झारखंड इकाई के अध्यक्ष श्री सुभोध कांत सहाय और सचिव श्री शेखर बोस के नेतृत्व में सभी 24 जिलों में कार्यक्रमों का सफल संचालन सुनिश्चित किया गया।

श्री सुभोध कांत सहाय ने कहा कि आर्ट ऑफ गिविंग केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सहयोग, करुणा और सेवा की भावना को मजबूत करने वाला जनआंदोलन है। वहीं श्री शेखर बोस ने कहा कि खेल युवाओं को जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है और वॉलीबॉल व नेट का वितरण ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेल संस्कृति को नई मजबूती प्रदान करेगा।

राज्यभर में आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए बड़े संसाधनों से अधिक महत्वपूर्ण सेवा और सहयोग की भावना है। आर्ट ऑफ गिविंग डे के अवसर पर हुए इन आयोजनों ने सामाजिक एकता, खेल भावना और मानवीय मूल्यों को नई ऊर्जा प्रदान की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *