Home

चाईबासा के किरीबुरू पहुंचे अर्जुन मुंडा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान का किया शुभारंभ

Chaibasa : चाईबासा के किरीबुरू में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के निर्देशन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह का माहौल देखने को मिला। जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में मातृशक्ति और महिला कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक तरीकों से उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं और अभिनंदन के साथ पूर्व मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया। कार्यक्रम स्थल पर उत्सव जैसा माहौल था। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला शक्ति और स्थानीय लोग मौजूद रहे। किरीबुरू दौरे के दौरान अर्जुन मुंडा ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत आयोजित प्रदर्शनी और प्रशिक्षण वर्ग का विधिवत उद्घाटन किया। इस मौके पर पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से और सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय का सिद्धांत आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण अभियान सिर्फ संगठन को मजबूत करने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को हर व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को समाज के बीच जाकर काम करना चाहिए और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में योगदान देना चाहिए।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की अपील

पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित न रहें, बल्कि समाज सेवा को भी अपनी प्राथमिकता बनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों के सुख-दुख में शामिल होकर सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाना ही संगठन की असली ताकत है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। महिला शक्ति की सक्रिय मौजूदगी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। पूरे आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया और भाजपा नेताओं ने इसे संगठन के लिए अहम कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *