खूंटी

एशियाई यूथ पारा गेम्स दुबई के लिए तीरंदाज झोंगो पाहन का चयन

खूंटी, 17 नवंबर । खूंटी जिले के प्रतिभाशाली एवं उभरते तीरंदाज झोंगो पाहन का चयन आगामी दिसंबर में दुबई में आयोजित होने वाले एशियन यूथ पारा गेम्स-2025 के लिए भारतीय टीम में किया गया है। इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के बाद जिला प्रशासन ने उनके प्रशिक्षण और तैयारी को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।

उपायुक्त आर. रॉनिटा के निर्देशानुसार जिला खेलकूद कार्यालय की ओर से खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड से आर्थिक सहायता के लिए पत्राचार किया गया था। इसके फलस्वरूप निदेशालय ने खिलाड़ी कल्याण कोष से तीरंदाजी उपकरण खरीदने के लिए रु 3,98,776 की सहायता राशि स्वीकृत की, जिसका चेक 15 नवंबर को उप विकास आयुक्त आलोक कुमार द्वारा समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में झोंगो पाहन को सौंपा गया।

चेक प्रदान करते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि झोंगो की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश व राज्य का नाम रोशन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि झोंगो पाहन इससे पहले जयपुर में आयोजित छठवीं पारा नेशनल आर्चरी चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीत चुके हैं। अब वे दुबई में होने वाले एशियाई यूथ पारा गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी, खूंटी ने भी उन्हें बधाई दी और कहा कि झोंगो की मेहनत, समर्पण और लगन जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वे निश्चित रूप से देश, झारखंड और खूंटी का गौरव बढ़ाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *